कासगंज के ढोलना की यूनियन बैंक शाखा की काटी गई दीवार
कासगंज। ढोलना कस्बे में रविवार रात अज्ञात चोरों ने बैंक की दीवार काटकर बैंक में चोरी का प्रयास किया। नकदी की सेफ का लॉक न कटने के कारण चोर नकदी चुराने में नाकाम रहे। बैंक परिसर में सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर एवं सायरन की केबिलें काट दीं। लोगों ने घटना पर आक्रोश जताया।
रविवार की रात्रि को किसी तरह समय चोरों ने दीवार काटकर बैंक परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरा व अन्य उपकरणों की केबिलें काट दीं। नकदी के सेफ के लॉक तोड़ने के प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली। एक लॉक कट गया लेकिन दूसरा लॉक नहीं कटा जिससे नकदी की चोरी होने से बच गई। सुबह बैंक खुलने के समय चोरी की वारदात की जानकारी हुई।
बैंक मैनेजर साहिद हसन घटना के बाद बैंक पहुंचे। उन्होंने थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। ढोलना के थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने फिंगर प्रिंट के नमूने लिए। ब्रांच मैनेजर साहिद हसन ने बताया कि चोर नकदी ले जाने में सफल नहीं हो पाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बैंक शाखाओं में लगे सायरन चोरी व आपराधिक वारदातों के समय अक्सर धोखा दे जाते हैं। ढोलना बैंक में भी सायरन की केबिल से छेड़छाड़ के दौरान हूटर नहीं बजा।
बैंक शाखा में नहीं हुआ कामकाज
कासगंज। यूनियन बैंक की शाखा में चोरी के प्रयास की घटना के कारण दिनभर जांच पड़ताल का काम चलता रहा। वहीं बैंक की कंप्यूटर आदि की केबिल कट जाने के कारण कंप्यूटर सिस्टम संचालित नहीं हो सके। बैंक में पहुंचने वाले उपभोक्ता काम न होने के कारण बैरंग ही वापस लौटे।
शाखा प्रबंधक साहिद हसन ने कहा कि केबिलें कट जाने के कारण काम नहीं हो सका। मामले की सूचना हैड ऑफिस को दी है। शीघ्र ही व्यवस्था दुरूस्त कर दी जाएगी।