एटा। अखिलेश शासन में शुरू हुई फल वितरण योजना को योगी सरकार ने भी हरी झंडी दे दी है। शुक्रवार को वित्त नियंत्रक मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को जारी आदेश में एमडीएम लाभार्थी संस्थाओं में सप्ताह में एक दिन फल वितरण सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं।
नए शिक्षा सत्र में फल वितरण की राह देख रहे स्कूली बच्चों के लिए अच्छी खबर है। योगी सरकार ने भी देर में ही सही लेकिन उक्त आदेश को हरी झंडी दे दी है। ऐसे में जिले में संचालित राजकीय, सहायता प्राप्त एवं परिषदीय विद्यालयों में कक्षा आठ तक पंजीकृत छात्र-छात्राओं को सप्ताह में एक दिन मौसमी फल मिलेंगे।
वित्त नियंत्रक के आदेश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसके तिवारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को फल वितरण व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। संस्था संचालक ही नहीं शिक्षा अधिकारी भी असमंजस में थे। जिले में संचालित 18 राजकीय, 54 सहायता प्राप्त एवं 1927 परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत डेढ़ लाख से अधिक बच्चों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा।