मथुरा। भाजपा में निकाय चुनावों के लिए दो दिन चला उम्मीदवारी का दौर खत्म होने के बाद अब जिला प्रभारी और निकाय प्रभारी जिले के शीर्ष नेतृत्व से रायशुमारी करने में जुट गए हैं। बुधवार को पहले दोनों विधायक से मिले फिर देर शाम दोनों मंत्रियों से मुलाकात की। आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने दो दिन के दौरान जनपद में चुनाव मैदान में उतरने के इच्छुक कार्यकर्ताओं के आवेदनों की सूची अब तैयार कर ली है। इसमें 31 मेयर के दावेदार हैं तो 610 पार्षद की लाइन में लगे हैं। इसके अलावा जिले की एक मात्र नगर पालिका कोसीकलां और 13 नगर पंचायतों के लिए आए आवेदकों की सूची तैयार की है। इस कार्य में जुटे जिला प्रभारी रघुराज सिंह और निकाय प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बुधवार को विधायक पूरन प्रकाश, कारिंदा सिंह से मुलाकात करते हुए मेयर सहित विभिन्न पदों के लिए आए आवेदनों पर चर्चा की। देर शाम तक दोनों मंत्रियों की जनपद में मौजूदगी होने पर प्रभारी मंत्री उनसे भी मिलने पहुंचे। अब यह सूची सूचना के लिए क्षेत्रीय कार्यालय आगरा को भेजी जा रही है। जिला प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि सूची तैयार हो गई है। इसमें से 3-3 नामों का पैनल तैयार करने के लिए राज्य इकाई के स्तर से दिशानिर्देश मिलने पर बैठक होगी।