एटा। अब राशन वितरण मेें डीलरों की मनमानी नहीं चलेगी। डीलरों के खेल पर लगाम लगाने के लिए पूर्ति विभाग ने नई व्यवस्था की है। पीओएस मशीन के जरिये राशन वितरण में अगर कोई भी डीलर फेल होता है, तो उसकी जांच कराई जाएगी। घालमेल पाए जाने पर डीलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
जिले में 790 राशन की दुकानें हैं। इनमें 75 नगरीय क्षेत्र और 715 ग्रामीण क्षेत्र में संचालित होती हैं। जिले में नगरीय क्षेत्र की 73 दुकानों पर पीओएस मशीन के जरिए राशन बांटा जा रहा है। अब पूर्ति विभाग ने सक्रिय होकर नई व्यवस्था लागू की है। अगर पीओएस मशीन के जरिए कोई भी डीलर 60 फीसदी से कम राशन वितरण करता है, तो उसे संदिग्ध मानते हुए विभाग जांच कराएगा। जांच के लिए विभाग की विशेष टीम दुकान से संबद्ध कार्ड धारकोें से पूछताछ करेगी और पूरा ब्यौरा खंगालेगी। शासन के निर्देश के बाद विभाग ने सभी राशन डीलरों को निर्देश जारी किए हैं। डीएसओ उमेश मिश्रा बताते हैं कि शासन के निर्देश मिलने के बाद हर डीलर पर पैनी नजर रखी जा रही है। इस पीओएस मशीन से 60 फीसदी से कम राशन वितरण होगा, उसकी जांच की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कहते हैं आंकड़े
288086 जिले में कुल राशन कार्ड धारक।
230468 राशन कार्ड धारकों के आधार फीड।
260956 राशन कार्ड पात्र गृहस्थी में।
790 जिले में राशन दुकानें।
75 दुकानें नगरीय क्षेत्र में।
715 दुकानें ग्रामीण क्षेत्र में।
73 दुकानों पर लगी पीओएस मशीन।