एटा। शादी का झांसा देकर चार माह तक यौन शोषण की शिकार हुई युवती के साथ पंचायत में शादी करने का फैसला हुआ था। इसके बाद भी आरोपी युवक ने चोरी छिपे दूसरी युवती के साथ शादी रचा ली। तीसरे दिन भी प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। जबकि पीड़िता और उसके मां-बाप थाना नयागांव में चक्कर काट रहे हैं।
हरदोई निवासी पीड़ित युवती ने बताया कि मई माह में उसके रिश्तेदार के घर पंचायत हुई थी। जिसमें उसके साथ संजीव की शादी होना तय किया गया था। इसके बाद भी संजीव और उसके घरवालों ने शादी नहीं की। बताया कि एक जुलाई को आरोपी युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर चोरी छिपे कायमगंज गेस्ट हाउस में दूसरी लड़की के साथ शादी रचा ली है।
पीड़िता ने बताया कि पंचायत में हुए फैसले को नोटरी पर दर्ज कराया था। जो उसके पिता के पास रखा है। शिकायती पत्र देने के बाद से पीड़िता अपने पिता के साथ थाना नयागांव के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
युवक पक्ष लगा रहा दो लाख का आरोप
एटा। शादी के नाम पर यौन शोषण करने का आरोप लगवाने वाले युवक के भाई एवं पिता ने लड़की और उसके पिता पर दो लाख रुपये में फैसला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत में दो लाख रुपये देकर युवती की शादी दूसरी जगह करने की बात तय हुई थी। इसके बाद भी युवती उनके बेटे पर आरोप लगा रही है।