डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) और अपार आईडी को समर्थ पोर्टल से जोड़ने में लापरवाही बरती जा रही है। करीब 1.10 लाख छात्रों की अपार और एबीसी आईडी समर्थ से लिंक नहीं है। विवि प्रशासन ने महाविद्यालयों को परीक्षाफल रोकने की चेतावनी दी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं। जिन छात्रों की आईडी समर्थ पोर्टल से लिंक नहीं होगी, उनका परीक्षाफल घोषित नहीं किया जाएगा। एबीसी–अपार आईडी के समन्वयक प्रो. संजय जैन ने बताया कि शासन और विश्वविद्यालय स्तर से कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कई महाविद्यालय गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर शत-प्रतिशत कार्य कराना सुनिश्चित कराएं। डीन अकादमिक प्रो. मनु प्रताप ने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 2025-26 में करीब एक लाख दस हजार छात्रों की एबीसी व अपार आईडी लिंक नहीं हो सकी है। कुल 1 लाख 38 हजार छात्र हैं। पिछले शैक्षणिक सत्र 2024-25 में दो लाख छात्रों में एक लाख 21 हजार का पंजीकरण हो चुका है। महाविद्यालयों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह की अंतिम मोहलत दी गई है।