मैनपुरी। परिषदीय स्कूलों में समायोजन की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को समायोजन के लिए आपत्तियों को अंतिम दिन था। अंतिम दिन 11 आपत्तियां पोर्टल पर दर्ज की गईं। बीएसए ने बताया कि शासनादेश के तहत मंगलवार से आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
जिले के परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों के समायोजन का कार्य चल रहा है। हालांकि समायोजन के लिए जो सूची जारी हुई है उसमें काफी अनियमितताएं हैं। जिले में मात्र 69 शिक्षकों को समायोजन के लिए सूची में शामिल किया गया है जबकि जिले में छात्र संख्या के अनुसार समायोजित शिक्षकों की संख्या 300 से अधिक होनी चाहिए। विभागीय आदेशानुसार वर्तमान कार्रवाई चल रही है। सोमवार को समायोजन के लिए आपत्तियां दर्ज करने का अंतिम दिन था। अंतिम दिन जिले से मानव संपदा पोर्टल पर 11 आपत्तियां दर्ज की गईं।
200 से अधिक स्कूलों में प्रभावित हो रही है शिक्षा व्यवस्था
जिले के 200 स्कूल ऐसे हैं यहां शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इन स्कूलों में मानक के अनुसार शिक्षकों की तैनाती नहीं है। शहरी क्षेत्र की बात करें तो यहां आठ स्कूल ऐसे हैं जहां शिक्षकों की कमी चल रही है। पांच स्कूल तो एकल शिक्षक के हवाले हैं। ऐसे में यहां की शिक्षा व्यवस्था बिगड़ रही है।
शासनादेश के तहत मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज विवरण के अनुसार जिले में 69 शिक्षकों का समायोजन होना है। इसके लिए आपत्तियां मांगी गई थीं। जो भी शासनादेश होगा उसके अनुसार समायोजन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
दीपिका गुप्ता, बीएसए