स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों का सिलसिला जारी है। सोमवार को दो बच्चे और एक महिला चिकित्सक समेत 11 मरीजों के सैंपल लिए गए। दोनाें बच्चों को एसएन मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इधर, सोमवार को दिल्ली से दो और मरीजाें की जांच रिपोर्ट आई। नेगेटिव रिपोर्ट से चिकित्सकों ने राहत की सांस ली।
सोमवार को आठ मरीज एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी पहुंचे। पांच के पास प्राइवेट लैब की रिपोर्ट थी, जिसमें इन्फ्लुएंजा ए पाजीटिव था। शेष तीन की जांच कर स्क्रीनिंग कमेटी ने सैंपल की संस्तुति की। मरीजों में नार्थ ईदगाह निवासी महिला डाक्टर, भरतपुर और शिकोहाबाद के दो युवक, शमसाबाद रोड और आंवलखेड़ा के दो अधेड़ रहे। एक और तीन माह के दो शिशु तो लोहामंडी, प्रताप नगर, लंगड़े की चौकी और सिकंदरा से चार बच्चों में भी लक्षण मिले। सैंपल नोडल प्रभारी डा. एसके सिंह ने बताया कि अब तक 41 मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। नौ की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें छह में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
वर्जन
स्वाइन फ्लू को लेकर भयभीत होने की जरूरत नहीं। तापमान बढ़ने से इसकी संभावना कम हो रही है। भर्ती मरीजों की हालत में सुधार है।
- डा. एचएस दानू, सीएमओ
सर्वाधिक मरीज बच्चे, रखें ख्याल
स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों में बच्चाें की संख्या सर्वाधिक है। सोमवार को 11 मरीजों में छह बच्चे शामिल हैं। अब तक लिए गए 30 सैंपल में भी बच्चों की संख्या 15 रही। आइसोलेशन वार्ड प्रभारी डा. मनोज कुमार सिंह का कहना है कि बच्चे जल्द संक्रमण की चपेट में आते हैं। अगर घर का कोई सदस्य जुकाम-खांसी से पीड़ित है तो उससे बच्चों को दूर रखें। साफ-सफाई पर ज्यादा ध्यान दें।