मैनपुरी। मोहल्ला छपट्टी की रहने वाली 10वीं की एक छात्रा शुक्रवार सुबह घर में फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर ले गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पहले तो परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए। पुलिस के समझाने पर पोस्टमार्टम कराया। परिजन आत्महत्या बता रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छपट्टी की रहने वाले रिषी गुप्ता की 15 वर्षीय पुत्री तान्या गुप्ता शहर के ही एक इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा थी। हाईस्कूल की परीक्षाएं चल रही हैं। शनिवार को छात्रा का दूसरा पेपर था, वह परीक्षा की तैयारी में थी। शुक्रवार की सुबह घर के कमरे में फंदे से झूलती मिली। परिजन छात्रा को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां, चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर ले गए। सीओ सिटी का कहना है कि छात्रा ने खुदकुशी की है या फिर कोई और बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता लगेगी।