थ्रेसर की चपेट में आया किशोर, मौत
- फोटो : amar ujala
मैनपुरी। ब्योंति खुर्द में रविवार को गेहूं की कटाई के दौरान किशोर थ्रेसर की चपेट में आ गया। हादसे के समय ट्रैक्टर चालक सो रहा था। हादसे में किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गांव के पूर्व प्रधान का पौत्र था। मृतक के पिता ने थाने में ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध तहरीर दी है। कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्योंति खुर्द निवासी ब्रजेश कुमार के खेत पर रविवार को गेहूं की थ्रेसर से कटाई हो रही थी। सुबह करीब 11 बजे पूर्व प्रधान वीरे सिंह यादव का 15 वर्षीय पौत्र अंशू वहां आ पहुंचा।
वह थ्रेसर के पास खड़ा हुआ था, तभी उसका अंगौछा थ्रेसर की पुली में फंस गया। अंगौछा फंसते ही वह थ्रेसर की चपेट में आ गया। परिजनों के अनुसार चीख पुकार सुनकर गेहूं की कटाई कर रहे लोगों ने ट्रैक्टर चालक से थ्रेसर रोकने के लिए कहा, लेकिन वह सो रहा था। जब तक थ्रेसर बंद किया गया तब तक अंशू की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता अरविंद यादव ने ट्रैक्टर चालक गोपेश निवासी गांव ननौली थाना बागवाला जनपद एटा के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। गांव ब्योंति खुर्द में किशोर की मौत के बाद गमगीन माहौल है। बताया गया है कि एटा निवासी ट्रैक्टर चालक गोपेश पड़ोस के गांव दिवनपुर अपनी ननिहाल आया हुआ था। वहां से उसे गेहूं कटाई के लिए बुलाया गया था।