मैनपुरी- भोगांव। एक साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद आखिरकार रिश्ता टूट गया। प्रेमी ने युवती को घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया तो वह थाने पहुंच गई। रिपोर्ट दर्ज कर युवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी अनुसूचित जाति की युवती गुरुवार को थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि मोहल्ला भीमनगर में एक कमरा लेकर वह मोहल्ला मोहम्मद सईद निवासी प्रेमी के साथ एक साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
इस दौरान जब भी उसने शादी की बात कही तो प्रेमी टाल जाता था। गुरुवार को कमरे पर प्रेमी के परिवार के कुछ लोग आए और जातिसूचक गालियां देने लगे। शादी करने की बात से इनकार करते हुए उसे मारपीट कर कमरे से निकाल दिया। सीओ प्रयांक जैन का कहना है कि दोनों पक्ष अपनी तहरीर में एक दूसरे पर धोखा देने का आरोप लगा रहे हैं। जांच की जा रही है, दोषी के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।