मथुरा। गोवर्धन के हरिया इंटर कालेज मुडसेरस के बाहर कापी लिखे जाने के मामले में कार्रवाई की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के खिलाफ गोवर्धन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, डीएम ने इस पूरे प्रकरण पर जांच बैठा दी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
यूपी बोर्ड में नकलविहीन परीक्षाएं कराने के लिए तैयार किए गए मजबूत सुरक्षा घेरे में भी सेंधमारी की कोशिश की जा रही है। मंगलवार को गोवर्धन के मुडसेरस में स्थित हरिया इंटर कालेज के बाहर उत्तर पुस्तिका लिखने का मामला सामने आया था। इसमें पहले तो कहा जा रहा था कि उत्तर पुस्तिका पिछले वर्ष की है लेकिन जब जांच की गई तो वह इसी वर्ष की निकली। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक कृष्णपाल सिंह की जांच में बड़ा गोलमाल सामने आया। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक किशन स्वरूप, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक राम समुझ और स्टेटिक मजिस्ट्रेट डा. संतोष कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। वहीं जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दिए हैं। अगर कोई भी दोषी होगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कापी लिखने वाले को पुलिस ने जेल भेज दिया
मथुरा। गोवर्धन के हरिया इंटर कालेज के बाहर कापी लिखते वक्त ग्रामीणों ने देवसेरस निवासी सलमान को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। वह स्कूल के बाहर बने नलकूप की कोठरी के पास कापी लिख रहा था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया था। पुलिस ने सलमान को जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि कापी लिखने में अगर उसके साथ कोई दूसरा भी था तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।