सहावर। संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सहावर तहसील सभागार में किया गया। डीएम आरपी सिंह, एसपी एके शुक्ल के साथ विधायक देवेंद्र प्रताप ने भी जनसमस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में 82 लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने अमांपुर और सहावर विकास खंड परिसर और अस्पताल के सामने बाहर खोखे रखकर मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करने की शिकायत पर मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। दुर्घटनाओं से बचने के लिये मुख्य मार्ग को साफ रखा जाए। सरकारी पैमाइश और चिह्नांकन के बाद यदि भूमि पर कब्जा होता है तो कब्जाधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों की समस्याओं को गुणवत्तापरक तरीके से निस्तारित कराने के निर्देश दिए। कहा कि भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जा हटवाने, चकरोड खुलवाने आदि के प्रकरणों को राजस्व और पुलिस की टीमें भेजकर अतिशीघ्र निस्तारण कराया जाए। अधिकतर समस्याएं नाली, खड़ंजा, पेंशन, छात्रवृत्ति, पैमाइश, अवैध कब्जा हटवाने, चकरोड, विद्युत आदि की थीं।
सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा रामायण सिंह यादव, अधिशासी अभियंता जलनिगम, नलकूप, सिंचाई, एसडीओ विद्युत, डीपीआरओ, सीवीओ, कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने नवनिर्मित कक्ष का किया लोकर्पण
सहावर। डीएम आरपी सिंह ने ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित ब्लॉक प्रमुख कक्ष का लोकार्पण किया। इस मौके पर एसपी एके शुक्ल, विधायक देवेंद्र प्रताप, ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र सिंह गौर, बीडीओ विजयपाल सिंह, अजीत शर्मा, रजी अहमद, हरिओम प्रतिहार, मंजुल कुमार, राम शरण, मयंक प्रताप सिंह, साहब सिंह, रामवीर सिंह, हसनैन खां, सोरन सिंह, अनूप कुमार आदि मौजूद रहे।