एटा। प्याज उत्पादन करने वाले किसानों को भंडारण करने के लिए सरकार की ओर से 87 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन जिला उद्यान विभाग में करना होगा।
जिले में सरकार की ओर से 26 हेक्टेयर प्याज कराने के लिए निशुल्क बीज वितरण किया गया था। इस पर भी सरकार ने किसानों को 12 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान दिया था। वहीं अब सरकार प्याज को भंडारण करने के लिए भी 87 हजार रुपये का अनुदान दे रही है। प्याज भंडारण करने के लिए किसान को अपनी जगह देनी होगी और उसका पूरा निर्माण पहले खुद की धनराशि से कराना होगा। इसके बाद निर्माण कार्य में आने वाले खर्चे को उद्यान विभाग में जमा करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया विभाग के माध्यम से ही पूरी की जाएगी। इसके लिए किसान को विभाग में पंजीकरण होना आवश्यक है। अब तक किसान प्याज भंडारण करने के लिए परेशान होते थे लेकिन अब भंडारण की व्यवस्था होने के बाद आसानी से स्टॉक किया जा सकेगा। किसानों को उत्पादन का अच्छा मूल्य लेने के लिए सरकार की ओर से ऐसा किया गया है। जिला उद्यान अधिकारी नलिन सुंदरम भट्ट का कहना है कि प्याज भंडारण बनने से किसान आसानी से उत्पादन का स्टॉक कर सकेंगे और लाभ उठा पाएंगे।