काले तेल के खेल में कार्रवाई फेल
- फोटो : अमर उजाला
एटा। जिले में शुक्रवार रात पकड़े गए काले तेल दो टैंकरों और चार ड्रमों को लेकर कार्रवाई फेल हो गई है। प्रशासन ने देर रात कार्रवाई कर अपनी पीठ भले थपथपा ली हो लेकिन दोषियों और जांच को लेकर प्रशासन बचता नजर आ रहा है। शनिवार को पूरे दिन मामले को लेकर चर्चा का आलम रहा, लेकिन प्रशासन टैंकरों को लेकर जांच में पूरी तरह से असफल नजर आया। वहीं कोल्ड स्टोर संचालक के बारे में भी कुछ पता नहीं चल सका। टैंकरों के पकड़े जाने के बाद कार्रवाई को लेकर हो रही टालमटोल कुछ और इशारा कर रही है।
हाईवे-91 के मानपुर स्थित मां पूर्णागिरि कोल्ड स्टोर पर शुक्रवार देर रात छापेमारी कर एएसडीएम विनीत उपाध्याय और नंदलाल वर्मा ने काले तेल के दो टैंकरों और चार ड्रम बरामद किए थे। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने टैंकरों और ड्रम को जब्त कर लिया लेकिन मामले की जांच सिमटकर रह गई है। प्रशासन को अब तक पता नहीं चल सका कि टैंकरों में काला तेल है या बिटुमिन? वहीं हिरासत में लिए गए पांच लोगों के बारे में भी प्रशासन कोई जानकारी नहीं दे रहा है। शनिवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके से 12 सैंपल लिए। सैंपल को जांच के लिए मथुरा रिफाइनरी और फरीदाबाद प्रयोगशाला भेजा गया है। चर्चा है कि कि राजनीतिक दबाव में मामले को टालने की कोशिश की जा रही है।
नकली बिटुमिन बनाए जाने की आशंका
कोल्ड स्टोर में नकली बिटुमिन तैयार किए जाने की आशंका है। दरअसल, टैंकरों के पास लकड़ियों के बड़े गट्ठर पड़े थे। इनको देखकर साफ है कि काला तेल मिलाकर नकली बिटुमिन तैयार किया जाता होगा लेकिन अभी प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी नहीं बोल रहे हैं।
टैंकरों और ड्रमों को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
नंदलाल वर्मा, एएसडीएम
टैंकरों और ड्रम से 12 सैंपल लिए गए हैं। सैंपल जांच के लिए मथुरा रिफाइनरी और फरीदाबाद प्रयोगशाला में भेजे जा रहे हैं। जांच के बाद पता चल सकेगा कि यह काला तेल है या बिटुमिन?
ताराचंद्र दोहरे, अधिशासी अभियंता, लोनिवि