नौहझील (मथुरा)। थाना नौहझील के गांव जरैलिया में मंगलवार को वृद्ध अल्लानूर (90) का निधन हो गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों को वृद्ध के शव को दफनाने के लिए जमीन नहीं मिली। पहले जहां शव दफनाए जाते थे, वहां तालाब का पानी भरा है। इससे वहां शव को दफनाया नहीं जा सका।
वृद्ध के शव को दफनाने के लिए बुधवार को कुछ लोग पड़ोस के गांव हसनपुर के मुस्लिम लोगों से मिले। उन्होंने अपने कब्रिस्तान में दफनाने से मना कर दिया। अधिकारियों को फोन कर समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आक्रोशित लोगों ने बुधवार को हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर नौहझील पुलिस पहुंच गई और समस्या को देखते हुए लोगों को समझा बुझाकर हसनपुर स्थित कब्रिस्तान में शव को दफनाया गया। जरेलिया के मुस्लिमों ने गांव में कब्रिस्तान को जमीन उपलब्ध कराने की मांग की है।