फिरोजाबाद। भाकियू (भानु) ने शुक्रवार को किसान समस्याओं को लेकर विकास भवन पर धरना प्रदर्शन किया। भाकियू नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार को आडे़ हाथ लिया। नारेबाजी के बीच भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन डीएम को दिया।
केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों से देश का अन्नदाता किसान भुखमरी के कगार पर है। यह बात भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने विकास भवन पर आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में कही। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों और नेताओं के गठजोड़ से किसान परेशान है। जसराना नवीन नहर परियोजना एवं फिरोजाबाद पुनर्गठन पेयजल योजना के नाम पर सैकड़ों किसानों की जमीन बिना बैनामा के हथिया ली गई। विरोध के बाद भी अधिकारियों और नेताओं के कानों पर जू नहीं रेंगी।
उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए गेहूं, धान, गन्ना और आलू का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग की। भाकियू के बिजेद्र सिंह टाइगर ने फिरोजाबाद में खारे पानी की समस्या से निजात दिलाने और जल स्तर बढ़ाने के लिए यमुना नदी पर बैराज बनाने और बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, किसान बीमा योजना में धांधली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कालीचरन चतुर्वेदी ने किसानों की 17 सूत्री मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन डीएम नेहा शर्मा को दिया गया। राष्ट्रीय महामंत्री धनीराम यादव, राजकुमार सिंह, प्रवेश कुमार, अशोक कुमार, नेम सिंह चौहान प्रदेश प्रभारी पवन कुमार एवं राम सिंह वर्मा सहित अनेक प्रमुख किसान नेता मौजूद रहे। संचालन जिलाध्यक्ष राजकुमार ने किया।