टूंडला। शुक्रवार को कानपुर रेलखंड के बलरई रेलवे स्टेशन पर ओवर हेड इलैक्ट्रिक (ओएचई) के तार टूटकर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के इंजन के सामने गिर गए। चालक ने तत्काल ट्रेन को रोककर घटना से रेल प्रशासन को अवगत कराया। सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस दौरान राजधानी, शताब्दी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।
गोवहाटी से चलकर आनंद बिहार टर्मिनल जा रही 12505 नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस शुक्रवार सायं 6.30 बजे करीब इटावा रेलखंड के बलरई रेलवे स्टेशन से होकर गुजरी, तभी अचानक कुछ ही दूरी पर ओएचई के तार टूटकर ट्रैक पर गिर गए। घटना की जानकारी रेल चालक ने तत्काल ही मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला को दी। सूचना मिलने पर रेल अधिकारियों ने अप लाइन पर पीछे आ रही शताब्दी सहित अन्य ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर ही रूकवा दिया। इसके साथ ही विभागीय कर्मचारियों की टीम को मौके पर पहुंच गई।
समाचार लिखे जाने तक टीम ने टूटे हुए ओएचई के तारों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया। रेल अधिकारियों ने डाउन रेलट्रैक की ट्रेनों को भी कॉशन लगाकर गुजारा। इस घटना के चलते अप रेल लाइन की लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस, नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें प्रभावित रहीं। वहीं डाउन लाइन की राजधानियों को कॉशन लगाकर धीमी गति से गुजारा।