फिरोजाबाद। 33 केवीए लाइनों में मेंटीनेंस, जर्जर पोल बदलने, तार टूटने से रविवार को शहर के कई मोहल्लों में सुबह से शाम तक बिजली गुल रही। घंटों बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्युत विभाग ने रविवार को लाइनों की मेंटीनेंस के लिए इंडस्ट्रियल एरिया, पुरुषोत्तम बिहार और यूपीएसआईडीसी सबस्टेशनों का सुबह 11 बजे से शटडाउन लिया था। विद्युत टीमें सुबह से शाम तक लाइनों के मेंटीनेंस में लगी रहीं। दोपहर में तेज आंधी के साथ बारिश होने से जलेसर रोड पर तार टूट गया।
इसके चलते बर्फखाना चौराहे पर लगे ट्रांसफार्मर से जुड़े क्षेत्रों में दोपहर से शाम सात बजे तक सप्लाई बंद रही। बिजली गुल होने पर उपभोक्ता अधिकारियों को फोन करते रहे, परंतु रविवार होने के कारण अधिकांश नंबर बंद थे। इधर लाइनों के मेंटीनेंस के लिए सुबह से शाम तक शटडाउन रहने से भीषण गर्मी में हर कोई बेहाल दिखा। शाम छह बजे तक तीनों सबस्टेशनों की सप्लाई शुरू हो चुकी थी।