जसराना। थाना क्षेत्र के गांव कोडरी पलिया में अवैध कब्जा हटवाना राजस्व टीम को भारी पड़ गया। लाठी डंडों के साथ 12 से अधिक लोगों के आने पर टीम बैरंग लौट आई। एसडीएम ने कहा कि कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के गांव कोडरी में खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। कब्जा करने वालों ने कंडा आदि रखने के साथ ही भैंस बांधना शुरू कर दिया है।
ग्राम प्रधान सरोज देवी ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर ग्रामीणों द्वारा ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की थी। एसडीएम ने कानूनगो एवं थाना पुलिस को अवैध कब्जा हटवाने का आदेश दिया। इस पर शनिवार को कानूनगो लटूरी सिंह मय पुलिस फोर्स गांव में पहुंचे। उनके कब्जा हटाने का प्रयास करते ही 12 से अधिक महिला एवं पुरुष डंडा-लाठी लेकर आ गए। ग्रामीणों ने राजस्व टीम के द्वारा की गई कार्रवाई करने का विरोध किया गया। विरोध के बाद भी कानूनगो ने कब्जा हटवाने की कार्रवाई जारी रखी तो लोगों ने अभद्रता कर दी। इस पर टीम बिना कार्रवाई करे ही लौट आईं।
कानूनगो लटूरी सिंह ने कहा कि मामले की पूरी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। आदेश मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम जसराना मोहम्मद रिजवान ने कहा कि पर्याप्त पुलिस फोर्स न होने के कारण अभियान रोका गया है। जल्दी ही ग्राम सभा की जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।