फिरोजाबाद। बिना मानकों के शहर में पानी पाउच बनाने की इकाई संचालित हो रही हैं। गुरुवार को जिला अभिहित अधिकारी अजीत कुमार एवं खाद्य सुरक्षाधिकारी बीएस कुशवाह के निर्देशन में अभियान चलाया गया। अलग-अलग स्थानों पर बिना मानक के तैयार हो रहे हजारों लीटर पानी के पाउचों को टीम ने नष्ट कराया।
पानी के पाउच भरकर ले जा रहे लोडिंग टैंपों को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दबरई के समीप रोका। रायल ब्रांड का पानी की सप्लाई दुकानों पर होने जा रही थी। टीम ने पानी के पाउच की जांच की तो अमानक मिली। 3500 पाउच को सीज करके सड़क पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं शाम को खाद्य सुरक्ष विभाग की टीम रानीनगर में कनिष्का ब्रांड के नाम से संचालित पानी पाउच प्लांट पर छापेमारी करने पहुंची।
टीम ने देखा कि यह प्लांट बिना मानक के संचालित हो रहा है। यहां 20 हजार पानी के पाउच रखे हुए थे। टीम ने पानी पाउच को नष्ट कर दिया। खाद्य विभाग की कार्रवाई से मिलावटखोरों में हडकंप मचा रहा। कार्रवाई के दौरान एफएसओ सुनील कुमार, संतोष कुमार, अरुण मिश्रा सहित थाना मटसेना का पुलिस बल साथ रहा।