मथुरा। तीन महीने बीतने के बाद भी पुलिस जिला कारागार से भागे तीन बंदियों को पकड़ना तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा सकी। कारागार प्रशासन भी इन तीन बंदियों के फरार होने पर फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं।
31 दिसंबर की रात जिला कारागार की दीवार फांदकर राहुल कुशवाहा, संजय और कलुआ फरार हो गए थे। कारागार प्रशासन को इसकी भनक काफी देर बाद लगी, तब तक भागे तीनों बंदी उनकी पकड़ से काफी दूर जा चुके थे। एक जनवरी की सुबह से तीन बंदियों के भागने से जिला प्रशासन में भी खलबली मच गई। सदर बाजार पुलिस भी तीनों बंदियों की तलाश में जुटी, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। तीन महीने बीतने के बाद भी मथुरा पुलिस और कारागार प्रशासन खाली हाथ हैं। सीओ सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि तीनों की तलाश की जा रही है। सुराग मिलते ही तीनों बंदी सलाखों के पीछे होंगे।