सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के सरावल में विवादित भूमि पर बने पुराने मंदिर की मूर्तियों को बुधवार रात कुछ लोग तोड़कर मूर्तियां उठा ले गए। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिढ़पुरा थाना पुलिस पर मूर्तियां हटवाने का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। गांव में पहुंचे एसडीएम और सीओ का घेराव कर आक्रोश जताया। बाद में अधिकारियों के यथास्थिति कायम रहने के निर्देश और आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ लेकिन भूमि के इस प्रकरण को लेकर गांव में तनाव बना है।
गौरतलब है कि सरावल में मंदिर और इससे जुड़ी भूमि पर हक के लिए हरिहर शर्मा एवं जगदीश शर्मा के बीच विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। बताते हैं कि सरावल के ग्रामीण जगदीश शर्मा के पक्ष में हैं। बुधवार आधी रात लोगों ने मंदिर में कुछ मूर्तियों को हटा दिया और कुछ मूर्तियां तोड़ दीं। इसकी जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली तो वे भड़क गए। ग्रामीण सरावल से कलक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सिढ़पुरा पुलिस पर मूर्तियां हटाने और मारपीट करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने आक्रोशित ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया। शाम को एसडीएम पटियाली धीरेंद्र कुमार और सीओ पटियाली बीएसवीर कुमार सरावल पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों को घेरकर आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने एक पक्ष के व्यक्ति पर मूर्तियां हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राधा कृष्ण की प्राचीन मूर्तियां हैं, जिनकी कीमत भी अधिक है। लोग मंदिर में पूजा करते हैं। यह विवाद दिन भर सुर्खियों में बना रहा। घटना के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक बीएसवीर कुमार का कहना है कि मामले में यथास्थिति कायम रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।