मिड डे मील में कीड़े निकलने से खलबली मच गई
- फोटो : अमर उजाला
राजा का रामपुर (एटा)। कस्बे के अमर शहीद महावीर सिंह स्मारक बालिका विद्यालय में बुधवार को मिड डे मील में कीड़े निकलने से खलबली मच गई। अभिभावकों ने आकर गुस्सा जतया। जांच हो रही है।
बुधवार को अमर शहीद महावीर सिंह स्मारक बालिका विद्यालय में बच्चों को मिड डे मील परोसा गया तो उसमें कीड़े थे। बच्चों ने शोर मचाया तो बात फैली। तमाम बच्चों के परिवार के लोग भी पहुंच गए। अभिभावकों ने प्रधानाचार्य से मिलकर विद्यालय में बनने वाले खाने को लेकर सवाल जबाव किए। मगर प्रधानाचार्य कोई संतोषजनक जबाव नहीं दे पाए। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष महावीर सिंह राठौर भी आ गए जिन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी भारती शाक्य से इसकी शिकायत की।
स्कूल प्रबंधक बलवीर सिंह राठौर ने बताया कि वर्ष 2009 से एसएमसी अध्यक्ष नहीं बदला गया। प्रधानाचार्य और प्रबंध समिति में अनबन चल रही है। इसी वजह से स्कूल में बच्चों को भी सुविधाएं मुहैया नहीं हो पा रही है। विद्यालय में पहले में भी मिड डे मील में कीड़े निकल चुके हैं। अब मिडे डे मील में कीडे़ निकलने का ठीकरा प्रधानाचार्य ने रसोईया के सिर पर फोड़ा है। खण्ड शिक्षा अधिकारी भारती शाक्य का कहना है शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।