मथुरा। भाई दूज पर बस और ट्रेनों में जगह के लिए जमकर मारामारी हुई। अधिकांश बस और ट्रेनों में लोगों को सफर करने के लिए बहुत मशक्कत करनी पड़ी है। स्टेशन और बस स्टैंड पर भी इस भीड़ का नजारा देखने को मिला।
शनिवार को भाई दूज पर बहनों की भाई के घर पहुंचने की जल्दबाजी सुबह से ही नजर आई। बहनें भाई के घर पहुंचने के लिए तड़के ही घर से निकल पड़ीं। इससे मथुरा, दिल्ली, आगरा, अलवर, भरतपुर, कासगंज, अछनेरा जाने वाली ट्रेनों में खासी भीड़ रही। सुबह ट्रेनों में हालात यह रही कि लोग उतरने वालों को मौका न देखकर चढ़ने की जल्दबाजी में नजर आए। इसके चलते धक्कामुक्की हुई। रेलवे जंक्शन पर जनरल कोच के आसपास आरपीएफ व जीआरपी लगानी पड़ी। सबसे ज्यादा कासगंज व अछनेरा जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों में भीड़ रही। वहीं संदिग्ध लोगों की तलाश में डॉग स्क्वैड से चेकिंग कराई गई। सीसी कैमरों से जेबकट व उठाईगीरों की निगरानी की गई।
यही हालात बस अड्डों पर रही। पुराने बस अड्डा से हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, मुरादाबाद, आगरा जाने के लिए बसें कम पड़ र्गइं। बसों के अभाव में बहनें अलीगढ़ हाथरस जाने के लिए इधर से उधर भटकती रहीं। टैंक चौराहे जाकर डग्गेमार वाहनों का सहारा लिया। नए बस अड्डे पर बस के रुकते ही सीट पाने को मारामारी शुरू हो जाती। दिल्ली, भरतपुर, अलवर, जयपुर आगरा जाने वाली बसों में जगह नहीं मिली।