स्कूल में टूटकर गिरा एचटी लाइन का तार, बाल-बाल बचे बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
राजा का रामपुर (एटा)। प्राथमिक पाठशाला द्वितीय के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार टूटकर स्कूल पर गिर गया। हालांकि जनहानि नहीं हुटूटे तार में दौड़ता करंट देखकर प्रधानाध्यापक शिक्षकों के होश उड़ गए।
कस्बा में गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक पाठशाला में मौजूद दो सौ से अधिक बच्चे तब बाल बाल बच गए जब स्कूल के ऊपर से गुजर रही 11 हजार की लाइन का तार टूटकर परिसर में गिर गया। जमीन पर गिरा तार मिट्टी में स्पार्क करने लगा। दोपहर दो बजे हुए हादसे के समय यद्यपि अधिकांश बच्चे कक्षाओं में थे लेकिन पास में ही लगे हैंडपंप पर बच्चों की भीड़ थी। अभिभावकों का कहना है कि यदि बच्चे खेल रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रधानाध्यापिका प्रीती पांडेय ने कहा कि विद्यालय में ढाई सौ बच्चे पंजीकृत हैं। इस संबंध में विद्युत अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है। अभिभावकों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी इसकी शिकायत की थी।
बताते चलें कि स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर अमर उजाला ने पूर्व में ही आगाह किया था। बावजूद इसके विद्युत विभाग के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। न ही शिक्षा विभाग ही इसके लिए पहल कर रहा है।
कस्बा निवासी दर्जनों अभिभावकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिलाधिकारी से छात्रहित में हस्तक्षेप कर लाइन हटवाने की गुहार की है।