श्रावण मास के अंतिम सोमवार व पूर्णमासी के मौके पर श्रद्धालुओं ने शिव मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना की। वहीं गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूर्णिमासी के पवित्र स्नान पर्व पर आज सोमवार को गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गंगा घाटों पर गंगा मैया के जयकारे गूंजे। श्रद्धालु गंगा स्नान कर जरूरतमंदों एवं गरीबों में दान दक्षिणा दे पुण्य लाभ लिया।
गंगा घाट पर शिव मंदिरों, तीर्थ नगरी के शिव मंदिरों हरि की पैड़ी के आसपास सोमेश्वर मंदिर, पंचमहाशक्ति मंदिर, योगेश्वर मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, बटुकनाथ मंदिर आदि में पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगी। पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए एक दिन पूर्व से ही भक्तजन पहुंचना शुरू हो गए। इस्माइलपुर, हरि की पैड़ी, लहरा, कछला घाटों पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में बसों, रेलों एवं निजी वाहनों से पहुंचे। भोर की पहली किरण से ही श्रद्धालुओं ने मॉ गंगा के जयकारे लगाते हुए पवित्र गंगाजल में डुबकी लगाना शुरू कर दिया।
गंगा स्नान करने के बाद घाटों पर बने मंदिरों पर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। गंगा घाटों पर मौजूद गरीबों को श्रद्धालुओं ने दान भी दिया। वहीं तीर्थ नगरी में हरि की पैड़ी पर भी श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। स्नान के बाद मां गंगा की पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद बांटा।
हरि की पैड़ी की परिक्रमा करते हुए श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन कर अपने परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। बराह मंदिर, बालाजी दरबार आदि मंदिरों पर देर सांय तक श्रद्धालु दर्शन करते रहे।