मथुरा। रोगियों की पहचान, उपचार का स्टेटस जानने के लिए क्षय रोगियों को यूनिक आईडी नंबर दिया जाएगा। इस नंबर के सहारे जिले से लेकर मुख्यालय तक के अफसर रोगी के बारे में जान सकेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 तक टीबी के समूल नाश का लक्ष्य तय किया है। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए विभाग की ओर से प्रत्येक रोगी की निगरानी, नियमित दवा सेवन के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में अब क्षय रोग विभाग ने प्रत्येक मरीज को यूनिक आईडी नंबर जारी करने की तैयारी कर ली है। इस नंबर के साथ ही प्रत्येक मरीज का डाटा सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जा रहा है। जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डा. रविंद्र गुप्ता ने बताया इस रोग में मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है।
क्षय रोग में मरीज अगर दवा का सेवन छोड़ देता है तो रोग मरीज पर हावी हो जाता है। यूनिक आईडी नंबर से मरीज की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। इस डाटा को मुख्यालय पर बैठे अफसर भी देख सकेंगे।