जलेसर (एटा)। थाना क्षेत्र के आगरा-जलेसर मार्ग स्थित गांव नगला छोंकर के पास बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने शौच कर लौट रहे पिता, पुत्र और भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि भतीजे को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम, सीओ और पुलिस बल ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। वहीं ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
फीरोजाबाद मार्ग पर सड़क निर्माण के लिये अन्धाना कम्पनी का ट्रक पत्थर गिट्टी लेकर सुबह पांच बजे जलेसर आ रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने गांव नगला छोंकर के निकट शौच कर वापस लौट रहे प्रेमपाल पुत्र दाऊदयाल 36, अंकुश पुत्र प्रेमपाल 9 और लोकेश पुत्र प्रमोद 8 को टक्कर मार दी। ट्रक को चालक लेकर फरार हो गया। हादसे में प्रेमपाल और अंकुश की मोके पर मौत हो गई। वहीं लोकेश को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया और ट्रक और चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जानकारी मिलते ही एसडीएम विजय कुमार, सीओ एमपी सलोनिया समेत तमाम फोर्स मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने गुस्साए ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया। वहीं ट्रक को पकड़वा कर थाना सकरौली में खड़ा कराया।
पत्नी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में पिता-पुत्र की मौत के बाद परिवार में पत्नी रूबी ही बची है। घटना की जानकारी मिलते ही महिला रूबी का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल लोकेश भी अपने पिता का इकलौता पुत्र है।
विद्यालय ने किया अवकाश।
छात्र अंकुश की मौत और लोकेश के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिलते ही पीपीएस विद्यालय प्रबंधक कृष्णगोपाल गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त कर अवकाश घोषित किया। दोनों छात्र प्रेम पब्लिक स्कूल में कक्षा 5 के छात्र थे।
बंकर लगाये जाने की मांग।
जलेसर। गुस्सायें ग्रामीणों ने ग्राम नगला छोकर पर चार स्थानों पर ब्रेकर लगाये जाने की मांग की। सनद रहे सपा सरकार में बनी सड़क में ग्रामीणों के अथक प्रयासों के बाद भी ब्रेकर नहीं लगाये गए थे।
सांत्वना देने पहुंचे सपा नेता
हादसे के बाद ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य रामकिशन यादव, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख अर्जुन सिंह यादव, गजेन्द्र सिंह यादव, जुगेंद्र सिंह यादव, रतन सिंह आदि गांव में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।