अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक का फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर राजकीय हाईस्कूल आलमपुर के प्रधान अध्यापक ने जीआईसी प्रिंसिपल के पद पर कब्जा कर लिया। डीआईओएस ने भी नियुक्ति पत्र का वेरिफिकेशन कराए बिना वरिष्ठता क्रम के आधार पर बने प्रिंसिपल को हटा कर आननफानन में आदेश के अगले दिन उन्हें कार्यभार सौंप दिया। नियुक्ति पत्र निदेशालय पहुंचा तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद डीआईओएस ने गुरुवार को फर्जी प्रिंसिपल को हटा कर पुराने प्रिंसिपल को कार्यभार सौंप दिया। खुलासा होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप है।
राजकीय हाईस्कूल आलमपुर के प्रिंसिपल मुकेश कुमार गुप्ता को जिला विद्यालय निरीक्षक ने चार जुलाई को राजकीय इंटर कॉलेज एटा में प्रिंसिपल पद का कार्यभार सौंपा था। मुकेश गुप्ता ने अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक इलाहाबाद का नियुक्ति पत्र दिखाया था। गुप्ता से पहले वरिष्ठता क्रम से प्रिंसिपल बनाए गए राकेश यादव को डीआईओएस ने हटा दिया था। मुकेश गुप्ता को प्रिंसिपल बनाने के बाद डीआईओएस एसपी यादव ने नियुक्ति पत्र अपर शिक्षा निदेशक को वेरिफिकेशन के लिए भेजा तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
डीआईओएस एसपी यादव ने गुरुवार को मुकेश गुप्ता को प्रिंसिपल पद से हटा कर राकेश यादव को जीआईसी का कार्यभार सौंप दिया। डीआईओएस से इस संबंध में प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने नियुक्ति को निरस्त होना बताया। अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक रमेश ने अमर उजाला को फोन पर बताया कि उन्हाेंने ऐसा कोई नियुक्ति या ट्रांसफर पत्र जारी ही नहीं किया है। उन्होंने पत्र को फर्जी बताया है। डीएम अमित किशोर ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है, इसकी जांच कराई जाएगी। फर्जी नियुक्ति से प्रिंसिपल बनने वाले मुकेश गुप्ता और डीआईओएस पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
फजीवाड़े में एक शिक्षक ने निभाई भूमिका
जीआईसी इंटर कॉलेज के सूत्राें के अनुसार नियुक्ति पत्र के फर्जीवाड़े में कालेज के एक शिक्षक ने अहम भूमिका निभाई है। उसी शिक्षक ने प्रिंसिपल मुकेश गुप्ता को फर्जी अपर शिक्षा निदेशक का फर्जी नियुक्ति बनवाने में मदद की। इसी पत्र के आधार पर राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक को जीआईसी का प्रिंसिपल बनाया गया। डीआईओएस ने राजकीय हाईस्कूल आलमपुर के प्रधानाध्यापक मुकेश गुप्ता को जीआईसी का प्रिंसिपल बनाने में जल्दबाजी दिखाई। नियुक्ति पत्र तीन को जारी हुआ और डीआईओएस ने चार जुलाई को प्रिंसिपल राकेश यादव को उनके पद से हटाकर मुकेश गुप्ता को प्रिंसिपल का कार्यभार सौंप दिया।