भोगांव (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव गढिया गोविंदेपुर में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। शव कमरे में फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया। शव पोस्टमार्टम को भेजकर पुलिस तफ्तीश में जुटी है।
जनपद फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाने के गांव मेलाई निवासी अर्चना की शादी तीन वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया गोविंदेपुर निवासी अजय कुमार से हुई थी। रविवार शाम अर्चना का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया।
ससुरालीजनों के मुताबिक वह कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। इसी वजह से फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। जबकि मौत की सूचना पर आए मायकेवालों ने हत्या करके शव फंदे से लटकाने का आरोप ससुराल के लोगों पर लगाया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।