फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा में सुधार और अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल पहुंचाने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रधानों का सहयोग मांगा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानों के नाम पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री ने पत्र में बच्चों की शिक्षा को पुनीत कार्य बताते हुए एक जुलाई से शुरू हो रहे स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश कराने की बात कही है।
परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का प्रवेश कराकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर सरकार जोर दे रही है। विद्यालयों में घट रही बच्चों की संख्या देख शासन जनप्रतिनिधियों का सहयोग ले रहा है। इसी कड़ी में सीएम ने सभी प्रधानों को पत्र भेजकर अधिक से अधिक बच्चों का प्रवेश कराने की अपील की है।
पत्र में सीएम ने कहा है कि विद्यालय में सिर्फ बच्चे का नामांकन ही नहीं बल्कि उन्हें शिक्षा व्यवस्था का लाभ भी दिलाना प्राथमिकता है। बेसिक शिक्षा विभाग विद्यालय में शतप्रतिशत नामांकन कराने के लिए एक से 31 जुलाई तक घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चला रहा है।
जनप्रतिनिधि होने के नाते स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने में प्रधानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इस पुनीत कार्य में वे अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री के पत्र प्रधानों तक पहुंचाए जा रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिदानंद यादव ने बताया कि प्रधानों के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों व सामाजिक लोगों का इस कार्य में सहयोग लिया जा रहा है।