आगरा। ‘एक राष्ट्र, एक कर’ की अवधारणा पर एक जुलाई से प्रस्तावित वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लेकर वाणिज्य कर कार्यालय में गुरुवार को मेगा सेमिनार आयोजित किया गया। जिले के सभी व्यापारिक संगठनों की शंकाओं को मास्टर ट्रेनर से दूर किया।
वाणिज्य कर विभाग के मास्टर ट्रेनर डिप्टी कमिश्नर केके राय, शलभ शर्मा, अजय सोहाने, प्रकाश यादव ने जीएसटी में आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) की दरों की जानकारी दी और व्यापारियों की शंकाओं को दूर किया।
कपड़ा व्यापारियों ने टैक्स दरों और स्टॉक को लेकर सवाल उठाए तो वहीं पैक्ड फूड आइटम पर टैक्स को लेकर नाराजगी जताई गई। सेमीनार की अध्यक्षता एडिशनल कमिश्नर ग्रेड 1 पीके सिंह ने की। इस दौरान संयुक्त आयुक्त मिथिलेश कुमार शुक्ल, सीपी मिश्रा, पुरुषोत्तम, अयूब अली और एमपी सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यालय में खुली हेल्प डेस्क
वाणिज्य कर विभाग ने जयपुर हाउस स्थित कार्यालय में गुरुवार शाम को जीएसटी सुविधा केंद्र खोल दिया। इसका उद्घाटन एडिशनल कमिश्नर ग्रेड 1 पीके सिंह ने किया। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से इस केंद्र से मदद लेने की अपील की। इस केंद्र के नोडल अधिकारी असिस्टेंट कमिश्नर प्रवेश तोमर नियुक्त किए गए हैं। व्यापारियों को जीएसटी माइग्रेशन समेत अन्य सुविधाएं इस केंद्र में उपलब्ध होंगी।