आगरा के संजय प्लेस स्थित जूता और कपड़ा मार्केट की करीब 100 दुकानों पर 80 लाख रुपये गृहकर बकाया है। नोटिस और वारंट के बावजूद कर जमा न करने पर नगर निगम सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई कर सकता है।
आगरा नगर निगम प्रशासन संजय प्लेस स्थित जूता और कपड़ा मार्केट की करीब 100 दुकानों पर कभी भी सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई कर सकता है। इन दुकानदारों ने डिमांड नोटिस और वारंट जारी होने के बाद भी लगभग 80 लाख रुपये गृहकर जमा नहीं किया है।
विज्ञापन
सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि संजय प्लेस के जूता और कपड़ा मार्केट में लगभग 800 दुकानें संचालित हैं। निगम के लगातार अभियान और चेतावनी के बाद लगभग 700 दुकानदारों ने बकाया गृहकर जमा करा दिया है। करीब 100 दुकानदार ने कर जमा नहीं किया है। इन दुकानदारों को कई बार नोटिस भेजे गए और वारंट भी जारी किए जा चुके हैंं। इसके बावजूद बकाया जमा नहीं कराया गया।
कार्रवाई से बचना है तो करें जमा
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि ऐसे में जिन दुकानदारों ने नोटिस और वारंट के बाद भी बकाया जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। बकाएदारों से अपील है कि कार्रवाई से बचने के लिए तत्काल अपना गृहकर जमा करा दें।