मैनपुरी। जिला अस्पताल में बुखार और सांस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में यहां पहुंचे मरीजों में से 10 की मौत हो गई। इनमें बुखार और सांस लेने में दिक्कत के चलते मरीजों की मौत हुई है।
घिटौली निवासी 60 वर्षीय विट्टन देवी पत्नी विनोद सिंह, आवास विकास निवासी सुरेंद्र सिंह की 45 वर्षीय पत्नी माया देवी, किशनी के नगला रानी निवासी 55 वर्षीय रघुवीर सिंह और शहर के मोहल्ला देवी रोड निवासी प्रवेश गुप्ता की 45 वर्षीय शोभा गुप्ता, भोगांव के नगला खरा निवासी 36 वर्षीय मनोज कुमार, मौजेपुर निवासी 65 वर्षीय रामसिंह को बुखार आने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं शहर के मोहल्ला कृष्णानगर निवासी 70 वर्षीय रामौतार, एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव चढरौआ निवासी 68 वर्षीय राजाराम, बरनाहल के औरंगाबाद निवासी 60 वर्षीय श्याम सिंह और गोपालपुर निवासी 70 वर्षीय रामस्वरूप को सांस लेने में दिक्कत होने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल लाया गया था। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।