सोरोंजी। तीर्थनगरी का वार्षिक अमृतकुंभ मेला मार्गशीर्ष शुरू होने में एक पखवाड़ा अभी शेष है। इसे लेकर नगर पालिका प्रशासन की ओर से मेला ग्राउंड व गंगा नहर से लिंक बंबा की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। मेले का शुभारंभ 29 नवंबर को होगा। 1 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी पर करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। वहीं मेले के लिए अभी से खेल-तमाशे वाले और दुकानदारों ने अपने तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने बताया कि मेले के शुभारंभ के लिए नगर विकास मंत्री एके शर्मा, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण को आमंत्रित किया गया है। मेले में इस बार एक दिसंबर को मोक्षदा एकादशी पर हरि की पौड़ी में गंगा स्नान करने व शूकर क्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा लगाने 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। 2 दिसंबर को मार्गशीर्ष द्वादशी स्नान, 3 दिसंबर को नागा साधुओं का शाही स्नान, 4 दिसंबर को अंतिम स्नान पर्व पूर्णिमा को होगा। ककोड़ा मेला समाप्त होने के बाद खेल तमाशे वालों ने वहां से यहां मेला ग्राउंड में आकर अपने तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं।
ग्राउंड में पत्थर के सामान वाले व बच्चों के छोटे झूले खेल तमाशे वाले आ चुके हैं हालांकि अभी मेला मार्गशीर्ष का भूमि आवंटन व सजावट आदि का टेंडर 18 नवंबर को खुलने के बाद ही खेल तमाशे वालों व दुकानदारों को मेला ग्राउंड में भूमि का आवंटन हो सकेगा।