लखनऊ। हजरतगंज क्षेत्र स्थित मोतीमहल पीएचडी शोधार्थी छात्रावास परिसर में शुक्रवार को हॉस्टल खाली कराने को लेकर हंगामा हुआ। शोधार्थियों का आरोप है कि सुबह नेशनल पीजी कालेज के प्राचार्य 15-20 हथियार बंद असामाजिक तत्वों व सुरक्षा गार्डों के साथ परिसर पहुंचे और परिसर खाली कर भाग जाने के लिए कहा। खाली न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में शोधार्थियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शोधार्थियों ने थाने में प्राचार्य व उनके सुरक्षा गार्डों के खिलाफ तहरीर दी है। सूचना पर मौके पर चौकी इंचार्ज ने मामले की पड़ताल की। हजरतगंज क्षेत्र में नेशनल पीजी कालेज के पास मोतीमहल पीएचडी शोधार्थी छात्रावास परिसर है। जिसमें सीएसआईआर के अधीन कार्य करने वाले अनुसंधान संस्थानों के शोधार्थी रहकर अध्ययन करते हैं। छात्रावास के शोधार्थी अमित गुप्ता व शाहनवाज खान के मुताबिक, छात्रावास के समस्त कक्षों में शोधार्थी निवास करते हैं। जिसकी देखरेख व आवंटन मोती महल मेमोरियल सोसाइटी करती है। शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे नेशनल पीजी कालेज के प्राचार्य एसपी सिंह 15-20 हथियार बंद असामाजिक तत्वों व निजी सुरक्षा गार्डों के साथ परिसर पहुंचे व शोधार्थियों को तुरंत परिसर खाली कर भाग जाने की धमकी देने लगे। जब इन लोगों ने इसका विरोध किया तो उनके गुर्गे तुरंत छात्रावास खाली न करने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। शोधार्थी विक्रम भाटिया व इसरार अहमद का कहना है कि इस घटना से छात्रावास में रहने वाले समस्त शोधार्थी भयभीत व मानसिक रूप से तनाव में हैं। छात्रावास के समस्त शोधार्थियों ने शनिवार को हजरतगंज थाने में प्राचार्य एसपी सिंह व उनके साथ आए हथियार बंद असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की तहरीर दी है। तहरीर मिलने पर इंस्पेक्टर हजरतगंज ने एसआई हरि प्रसाद अहिरवार को जांच पड़ताल के लिए मौकेपर भेजा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।