लखनऊ। कानपुर में 18.50 लाख रुपए की बैंक लूट और गार्ड की हत्या में वांछित 50 हजार के इनामी समर बहादुर सिंह उर्फ अमर बहादुर को एसटीएफ ने शनिवार को इंदिरानगर के सेक्टर-25 में धर दबोचा। उसके पास से .32बोर की पिस्टल बरामद हुई है। वह फरारी काटने सीतापुर जा रहा था। एसएसपी एसटीएफ डीके चौधरी ने बताया कि समर बहादुर कानपुर के विधूना के जरकला का रहने वाला है। वर्ष 2001 से वह अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसने 2001 में गांव के ही ग्रामसभा सदस्य सियाराम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। करीब नौ माह पहले उसने साथी विपिन दीक्षित उर्फ हक्कल और लिटिल चंदेल के साथ कलक्टरगंज में बैंक लूट और गार्ड की हत्या को अंजाम दिया था। इसमें आरोपियों के खिलाफ डीजीपी ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लिटिल चंदेल को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। जबकि विपिन और समर बहादुर फरार थे। समर से मिली जानकारियों के आधार पर एसटीएफ विपिन को तलाश कर रही है। इस बैंक लूट के अलावा समर ने एलएमएल वेस्पा चौराहा के पास लूट के लिए व्यापारी की हत्या कर दी थी। फूलबाग में भी उसने साढ़े छह लाख की लूट को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ विधूना, छावनी, पनकी व दूसरे थानों में दस से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।