लखनऊ। चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर टप्पेबाज महिलाओं ने सर्राफा की दुकान से सोने का लॉकेट उड़ा दिया। थोड़ी देर बाद सर्राफा व्यापारी ने स्टॉक चेक किया तो लॉकेट गायब था। पीड़ित ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें टप्पेबाज महिला लॉकेट चुराते देखी गई। पीड़ित दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, चौक सर्राफा बाजार में जम्बू कुमार अध्यात्म जैन की दुकान हैं। दोपहर र्में आई दो महिलाओं ने नाक की कील दिखाने की बात कही। इससे पहले वहां पर मौजूद ग्राहक सोने का लॉकेट देख रहा था। इस बीच महिला ने घात लगाकर 60 हजार रुपए की कीमत का सोने का लॉकेट उड़ा दिया। थोड़ी देर बैठने के बाद दोनों महिलाएं बिना सामान लेकर निकल गई। दुकानदार ने स्टॉक चेक कराया। इसमें एक सोने का लॉकेट कम मिला। इस पर पीड़ित ने कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें टप्पेबाज महिला लॉकेट अपने पास रखते हुए दिखाई पड़ी। दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी।