लखनऊ। वृंदावन कॉलोनी में मैनहोल में गिरकर बच्ची की मौत हो गई के दो दिन बाद ही नगर निगम अफसरों की लापरवाही ने एक और मासूम की जिंदगी निगल ली। सआदतगंज के गुल्लू शाह का तक्कया के चिकवा नाले में डूबकर मूक-बधिर आठ वर्षीय बालक साजिद की बृहस्पतिवार की दोपहर मौत हो गई। सुबह करीब 11 बजे लापता हुआ साजिद दोपहर लगभग तीन बजे हाता सूरज सिंह के पास काला पाइप नाले में मिला। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। गुस्साए रिश्तेदारों ने क्षेत्रीय विधायक, पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया और ठाकुरगंज-चौपटिया सड़क जाम कर दी। इन लोगों का आरोप है कि हर स्तर पर शिकायत के बावजूद न तो नाले की सफाई करवाई गई और न ही बाउंड्रीवॉल बनाई गई। जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल नगर निगम के अधिकारी इस पूरे प्रकरण से पल्ला झाड़ रहे हैं और अभिभावकों को ही हादसे के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। सआदतगंज थाना क्षेत्र के कटरा मोहम्मद अली खां गुल्लू का तक्कया में रहने वाले शाहिद जरदोजी का काम करते हैं। उनकी पत्नी की मृत्यु करीब छह साल पहले हो गई थी। शाहिद का सात साल का बेटा साजिद जन्म से ही मूक-बधिर था। उसका पालन पोषण दादी अनवर जहां और मामी फरोह करती थीं। वह कैंपवेल रोड स्थित स्पेशल बच्चों के स्कूल सेंट पेरिस में पढ़ता था। सुबह करीब 11 बजे वह मोहल्ले के दोस्तों के साथ खेलने निकला था। काफी देर तक घर न लौटने पर उसकी खोज शुरू हुई। काफी खोजने के बाद दोपहर करीब तीन बजे साजिद बेहोश हालत में सूरज सिंह हाता काले पाइप नाले के पास मिला। तब तक उसकी सांस चल रही थी। उसे फौरन ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां कुछ ही देर उपचार के बाद उसने दम तोड़ दिया।