लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में सोमवार को आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख थी। आखिरी दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन फॉर्म जमा किए। इस कॉलेज में स्नातक की कुल 1290 सीटों के मुकाबले 11300 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यहां इस बार भी सबसे अधिक डिमांड बीकॉम कोर्स में दाखिले की है। बीकॉम में 550 सीटों के मुकाबले 6500 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी बीकॉम की एक सीट पर 12 दावेदार हैं। इसके अलावा बीएससी में 300 सीटों के मुकाबले 3000 आवेदन फॉर्म जमा हुए हैं। राजधानी में नेशनल पीजी कॉलेज फिर एक बार छात्रों की पहली पसंद बनकर सामने आया है। प्रवेश समन्वयक डॉ. राकेश जैन के अनुसार बीए में 440 सीटों के अनुसार 1800 आवेदन फॉर्म आए हैं। बीए में एक-एक सीट पर चार-चार दावेदार हैं। कॉलेज में दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर होंगे और इसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के अंक भी जोड़े जाएंगे। स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए 20 जून से प्रवेश परीक्षा शुरू होगी।