लखनऊ। अमीनाबाद के मोहल्ला नया गांव में एक मकान की बाउंड्रीवाल गिराने को लेकर सोमवार देर रात दो पक्षों में झगड़े के बाद जमकर पथराव हुआ। पुलिस के मुताबिक, नया गांव में अजमी यूसुफ के घर की बाउंड्रीवॉल सोमवार रात गिर गई। पड़ोस में एक प्लाट को लेकर अदनान नामक व्यक्ति से तनातनी के चलते दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के तमाम लोग सड़क पर आमने सामने आ गए। गालीगलौज के साथ उनमें पथराव शुरू हो गया। मोहल्ले के एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर दिया। इस पर सीओ कैसरबाग डॉ. हृदेश कठेरिया दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अमीनाबाद, कैसरबाग व अन्य थानों की पुलिस बुला ली गई। घेराबंदी पर दोनों पक्षों के लोग भाग निकले। अजमी यूसुफ ने पुलिस को बाउंड्रीवाल गिराए जाने की जानकारी दी।