लखनऊ। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के नतीजे रोके जाने से परेशान राजधानी के एक हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। 20 जून तक 12वीं की मार्कशीट बांटने की संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं। मार्कशीट मिलने के साथ ही छात्रों के नतीजे रोके जाने के कारण भी स्पष्ट हो जाएंगे जिससे कमियों को दूर करके नतीजे प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। पांच जून को जारी हुए यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के नतीजों में राजधानी के एक हजार छात्रों के नतीजे रोक दिए गए थे। इसके लिए परीक्षा फॉर्म समेत अन्य दस्तावेज में गड़बड़ियों और अधूरी सूचनाओं को जिम्मेदार बताया जा रहा है। मार्कशीट मिलने की बाद ही इन कमियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। जानकारों की मानें तो सोमवार को बोर्ड से 12वीं की मार्कशीट जारी करने की संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं। यदि मंगलवार तक भी ये मार्कशीट राजधानी पहुंच जाती हैं तो 20 जून तक स्कूलों में इन्हें बांटना शुरू किया जा सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश त्रिपाठी ने बताया कि अगले दो से तीन दिन में मार्कशीट डीआईओएस कार्यालय तक पहुंचने की संभावनाएं हैं।