लखनऊ। राजधानी में कृृषि मंत्रालय की टीम ने शुक्रवार को बिग बाजार में नकली इंडिया ऑर्गेनिक का ‘लोगो’ लगाकर नकली खाद्य सामग्री बेचने के मामले में छापामारी की है। यह छापामारी चार ठिकानों पर एक साथ हुई। जिसकी जांच में नकली इंडिया ऑर्गेनिक खाद्य सामग्री के पैकेट बरामद हुए जिन्हें सील कर दिया गया है। जांच टीम ने बिग बाजार में नकली इंडिया ऑर्गेनिक दाल एवं मसाले बेचने की रिपोर्ट मंत्रालय को भेज दी है। यह कार्रवाई दोपहर में कृषि मंत्रालय के दिल्ली स्थित विपणन एवं निरीक्षण निदेशालय की टीम ने इंदिरानगर, आईनॉक्स, सहारागंज, फीनिक्स माल स्थित बिग बाजार के स्टोर पर चार टीम ने की। इंदिरानगर बिग बाजार के स्टोर में जांच करने वाले सीनियर मार्केटिंग ऑफीसर पीबी गिरधर ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि जांच के दौरान सघन तरीके से खाद्य सामग्री के पैकेट को खोलकर देखा गया। इस दौरान अरहर, चना, उड़द आदि की दाल और मसाला के ऐसे पैकेट पाए गए कि उनके अंदर खाद्य सामग्री को आम बाजार की थी लेकिन उसके ऊपर इंडिया ऑर्गेनिक का ठप्पा लगा था। बिग बाजार के जिस-जिस स्टोर में यह खाद्य सामग्री बरामद हुई तो उसको वहीं पर सील कर दिया गया है। सबसे अधिक दाल एवं मसाला इंदिरानगर स्टोर में बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि निदेशालय को शिकायत मिली थी कि बिग बाजार में नकली इंडिया ऑर्गेनिक का ठप्पा लगी खाद्य सामग्री को बेचा जा रहा है। गिरधर ने बताया कि इस शिकायत पर जांच करने के लिए दिल्ली और लखनऊ समेत कई अन्य महानगरों में बिग बाजार के स्टोर की जांच की गई है। उन्होंने बताया कि अब रिपोर्ट के आधार पर बिग बाजार पर कार्रवाई होगी।