लखनऊ। अपनी कक्षा में रहते हुए पृथ्वी के सबसे करीब आए शनि ग्रह ने रविवार को राजधानीवासियों को साइंस पिकनिक मनाने का अभूतपूर्व मौका दिया। शहरवासियों को शनि दिखाने के लिए इंदिरा गांधी प्लैनिटोरियम ने निकटवर्ती सूर्यकुंड पार्क और आंचलिक विज्ञान नगरी ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं।दोनों ही जगह पर संस्थानों ने अपनी विशेष टेलीस्कोप सेट की थीं जहां खुद उत्साही खगोल प्रेमी युवा ही लोगों को शनि दिखाने के लिए वॉलिंटियरिंग करते नजर आए। प्लैनिटोरियम के प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि पार्क में लगाई गईं तीनों टेलीस्कोप रिफ्लेक्शन छवियां देती हैं। इनमें से एक स्काई वॉचर है जो मैन्युअल काम करती है। दूसरी सेलेट्रॉन है। एजुकेटर सुमित ने बताया कि दर्शकों को शनि के उदय होने के पहले बृहस्पति ग्रह दिखाया गया। शनि अपने इर्द-गिर्द वेगा और स्पाइका तारे लेकर आया था। शहरवासियों ने इनका भी दीदार किया। शनि की ऑपोजिशन यानी उसके और सूर्य के बीच पृथ्वी के आने का मौका यादगार है। यह 7 जून तक जारी रहेगा। हालांकि, अब शनि 28 अप्रैल जितना करीब नहीं रहेगा।