लखनऊ। किराना व्यवसायी रज्जन लाल तिवारी की हत्या उसके बेटे ने ही की थी। रज्जन की दूसरी पत्नी ने पहली पत्नी के बेटे के खिलाफ गुडंबा थाने में हत्या, लूट व आगजनी का मामला दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि आरोपी रज्जन लाल से पैसे की मांग करता था। पूरी न होने पर उसने जिंदा जलाने की धमकी दी थी। पुलिस आरोपी बेटे की तलाश के लिए कानपुर गई है। दरअसल, रज्जन की पहली पत्नी अपने बेटे के साथ कानपुर में रहती है। मालूम हो कि बीते बुधवार रात गुडंबा के जानकीपुरम सेक्टर-एच में संदिग्ध हालात में आग लगने से किराना व्यवसायी रज्जन लाल तिवारी (60) की मौत हो गई थी। इस दौरान व्यवसायी की दूसरी पत्नी सरोज तिवारी हजरतगंज स्थित झलकारी बाई अस्पताल में ड्यूटी पर थी। सूचना पर जब वह घर पहुंची तो दरवाजे व अलमारी खुली थी और रज्जन लाल बेड पर झुलसे पड़े थे। सरोज ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए किराना व्यवसायी के पहली पत्नी के बेटे विनय तिवारी पर शक जाहिर कर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। किराना व्यवसायी क ी दूसरी पत्नी सरोज तिवारी का कहना है कि रज्जन ने पहली पत्नी को छोड़कर हमसे शादी की थी। मगर, वह उनका पीछा नहीं छोड़ रही थी। बेटे विनय के साथ कानपुर में रहती थी। मगर, विनय अक्सर लखनऊ रज्जन लाल से पैसे मांगने आता था। 45 दिन पूर्व भी विनय पैसे मांगने आया था। रज्जन लाल के मना करने पर उसने जिंदा जलाने की धमकी दी थी।