लखनऊ। छात्र वाहन चोरी का गैंग चला रहे हैं। कृष्णानगर पुलिस ने मंगलवार को गैंग का भंडाफोड़ कर पंडितखेड़ा मोड़ के पास से दो छात्रों को दबोचा। हत्थे चढ़े आरोपियों के पास से चोरी की पांच बाइक बरामद हुई हैं। इनमें एक बीएससी तो दूसरा पॉलीटेक्निक का छात्र है। आरोपियों ने अपने साथियों के नाम भी कबूले हैं। इंस्पेक्टर कृष्णानगर रामसनेही यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने पंडितखेड़ा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने भागने की कोशिश की। इस पर घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया। आरोपियों की पहचान एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी-वन निवासी शिवम दिवाकर व सत्यम शर्मा के रूप में हुई। इनमें शिवम दिवाकर का पिता राम औतार दिवाकर कानपुर में दीवान है। शिवम हरदोई के पॉलीटक्निक कर रहा है। जबकि, सत्यम एक डिग्री कॉलेज से बीएससी (प्रथम वर्ष) कर रहा है। कड़ाई से पूछताछ पर दोनों आरोपियों ने कृष्णानगर, आशियाना व सरोजनीनगर से बाइकें उड़ाने की वारदात कबूली है। पुलिस ने आरोपियोें की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक बरामद की है।