लखनऊ। कैसरबाग में सोमवार को दबंग कंडक्टर ने चलती बस से एक वकील को नीचे फेंक दिया। सड़क पर गिरने से वह घायल हो गया। नाराज वकील ने ईंट मारकर बस का शीशा तोड़ डाला। इससे नाराज बस चालक, कंडक्टर व अन्य लोगों ने वकील को दबोच लिया और जमकर धुनाई। वकील ने लूटपाट का आरोप लगाते हुए चालक, कंडक्टर समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। दुबग्गा के मिलन सिंह यादव वकील हैं। मिलन के मुताबिक, सुबह कचहरी जाने के लिए घर से निकले। दुबग्गा से बस से वह कैसरबाग बस अड्डा पहुंचे और फिर वहां से कचहरी जाने के लिए उधर से गुजर रही कैसरबाग डिपो एक बस पर चढ़ने लगे। कंडक्टर ने उन्हें अवध कार्यशाला जाने की बात कहकर मना किया। मगर, वकील साहब नहीं मानें। वह जबरन बस पर चढ़ने लगे जिस पर कंडक्टर ने उन्हें चलती बस से नीचे फेंक दिया। वकील को चोटिल होता देख वहां आसपास खड़े वकीलों ने शोर मचाया और बस पर पथराव शुरू कर दिया इससे बस के शीशे टूट गए। बस में तोड़फोड़ से बस चालक मुजीब, कंडक्टर व बस में सवार अन्य लोग नीचे उतर आए और वकील को दबोच लिया और जमकर पिटाई कर दी। वकील ने फोन कर अपने साथी वकीलों को बुला लिया। मगर, तब तक हमलावर भाग खड़े हुए। वकील मिलन सिंह ने चालक मुजीब को पकड़ लिया। वकील मुजीब से अभद्रता करते इससे पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और चालक को लेकर पुलिस चौकी आ गई। बाद में, पूछताछ कर उसे छोड़ दिया गया। वकील की तहरीर पर पुलिस ने बस चालक मुजीब, कंडक्टर व दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। वकील का आरोप है कि आरोपी 1250 रुपए नगदी, पर्स व कागजात लूट लिए।