लखनऊ। सिपाहियों को चकमा देकर फरार जालसाज कासिम हुसैन को पुलिस ने सोमवार तड़के महाराणा प्रताप चौराहे के पास से दबोच लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। देर शाम पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। मालूम हो कि बीते शनिवार को शाहनी कलेक्शन शोरूम सुनील आनंद के नौकर व पब्लिक ने कपड़े लेकर भाग रहे हुसैनगंज के उदयगंज निवासी कासिम हुसैन को दबोचा था और पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे रविवार को जेल भेजा। सिपाही जय शंकर दूबे व मणिकांत शर्मा उसे लेकर जेल जा रहे थे। जेल गेट के पास लघुशंका का झांसा देकर कासिम सिपाहियों के चंगुल से फरार हो गया था। सिपाहियों ने गोर्साइंगंज थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही सिपाहियों के लापरवाही बरतने की रिपोर्ट को भी संज्ञान लिया गया था। एसएसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया था। वहीं, अमीनाबाद पुलिस ने कासिम के घर पर दबिश दी और सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए। सोमवार तड़के पुलिस ने कासिम हुसैन को महाराणा प्रताप चौराहे के पास से दबोच लिया।