लखनऊ। पीजीआई पुलिस ने शुक्रवार को चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ कर दो बदमाशों को दबोच लिया। इनमें से एक सिपाही का बेटा है। वह ही गिरोह का मास्टर माइंड भी है। पुलिस ने चोरी का काफी माल बरामद भी किया है। पूछताछ में दोनों ने पीजीआई व आशियाना में दर्जन भर वारदातों की बात कबूल की है। सीओ कैंट डॉ. संजय कुमार के मुताबिक, बृहस्पतिवार को मुखबिरों से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। एसओ पीजीआई के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई कर दो चोरों को दबोचा लिया। पूछताछ में दोनों की पहचान आशियाना रजनीखंड निवासी अभिनव सिंह व मुकेश गुप्ता के रूप में हुई। अभिनव ही गिरोह का मास्टरमाइंड है और उसके पिता उन्नाव केअसोहा में सिपाही हैं। दोनों के कब्जे से चोरी का सोनी कैमरा, दो मोबाइल फोन, चार्जर, दो सोनी स्पीकर, एक साउंड बॉक्स, एक एलसीडी टीवी, दो यूपीएस, एक सीपीयू, एक सीडी प्लेयर, एक मोटरसाइकिल, एक सिलेंडर सहित नगद रुपए बरामद किया गया है। बदमाशों ने बताया कि ये सामान एल्डिको उद्यान दो निवासी आशा केसरवानी, वृंदावन योजना सेक्टर पांच निवासी एसबी सिंह, साउथसिटी सेक्टर जी निवासी पास्टर अनिल ट्रो, एल्डिको उद्यान निवासी विभा सिंह, साउथसिटी निवासी प्रो. नरेंद्र कुमार व साउथसिटी बी-118 निवासी राधाकृष्ण गिरि के घरों से उड़ाए गए थे। अभिनव ने बताया कि उसके गिरोह में राहुल गुप्ता व दुबग्गा निवासी बॉबी भी शामिल हैं। राहुल पकड़े गए चोर व चेन स्नेचर मुकेश का बेटा है। गिरोह साउथसिटी, एल्डिको व आवास विकास आदि क्षेत्रों में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाते थे। इसके लिए पहले घरों की कॉलबेल बजाकर किसी के मौजूद न होने की पुख्ता जानकारी कर लेते थे और मोटरसाइकिल से घूमकर बंद घरों की तलाश करते थे। मुकेश चोरी का माल रखने, बेचने से लेकर पैसों के बंटवारे का काम देखता है। गिरोह घरों से नल व टोटियां चोरी कर उन्हें तोड़कर कबाड़ियों को बेच देते हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।